निखार सबलोक हत्याकांड का खुलासा: जमीन विवाद में 15 लाख की सुपारी, हथियार और कार के साथ 6 गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर/सरायकेला: चांडिल थाना क्षेत्र के एनएच-33 स्थित टेंथ माइल स्टोन रिसॉर्ट में युवा कारोबारी निखार सबलोक की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जमशेदपुर के एसएसपी एहतेशाम वकारिब और सरायकेला-खरसावां के एसपी मनोज स्वर्गियारी ने संयुक्त प्रेस वार्ता में हत्याकांड से जुड़ी जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, हत्या के पीछे होटल कारोबार और चांडिल क्षेत्र में जमीन से जुड़ा पुराना विवाद मुख्य वजह रहा। जांच में दो गुटों के बीच आपसी रंजिश की बात सामने आई है। पुलिस गैंगस्टर अखिलेश सिंह और गणेश सिंह से जुड़े गिरोहों तथा जमीन कारोबार से संबंधित संभावित कड़ियों की भी जांच कर रही है।

अधिकारियों के मुताबिक निखार की हत्या के लिए करीब 15 लाख रुपये की सुपारी तय हुई थी। वारदात को अंजाम देने के लिए उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर से दो शूटर बुलाए गए थे। पुलिस जांच में अशोक सिंह राघव का नाम कथित मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आया है।

पुलिस के अनुसार, शूटरों को सोनारी में ठहराया गया था। चालक सुनील आई-10 कार चला रहा था, जबकि रितेश ने रिसॉर्ट में जाकर निखार की पहचान की। इसके बाद दोनों शूटरों ने फायरिंग कर हत्या की और कार से फरार हो गए। बाद में रांची की ओर जाते समय कार छोड़ दी गई।

पुलिस ने डोबो क्षेत्र से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें शूटर, लाइजनर और वाहन उपलब्ध कराने वाले आरोपी शामिल हैं। पुलिस ने एक रिवॉल्वर, एक देसी पिस्टल और वारदात में इस्तेमाल आई-10 कार बरामद की है। अन्य संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पुलिस ने अपराध से अर्जित संपत्ति और जमीन से जुड़े मामलों की भी जांच की बात कही है।