झारखंड: दो और IPS अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा सकते हैं, Nidhi Dwivedi और Piyush Pandey ने किया आवेदन

Spread the love

रांची: झारखंड कैडर के दो और IPS अधिकारी जल्द ही केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा सकते हैं। 2013 बैच की निधि द्विवेदी और 2014 बैच के पीयूष पांडेय ने केंद्र में प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन किया है। अब दोनों अधिकारी राज्य सरकार की NOC और आवश्यक अनुमति का इंतजार कर रहे हैं। अनुमति मिलने के बाद दोनों केंद्र में नई जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।

वहीं, 2011 बैच के IPS अधिकारी प्रियदर्शी आलोक भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की तैयारी में हैं। उन्होंने कुछ महीने पहले केंद्र में प्रतिनियुक्ति के लिए आवेदन किया था। इसके अलावा एक अन्य IPS अधिकारी के जल्द ही इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) में प्रतिनियुक्ति पर जाने की संभावना भी जताई जा रही है।

पिछले महीने झारखंड कैडर के तीन वरिष्ठ IPS अधिकारी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर गए हैं। इनमें IG ए. विजया लक्ष्मी, DIG सुरेंद्र कुमार झा और DIG चंदन कुमार झा शामिल हैं। इनके बाद अब दो और अधिकारियों के केंद्र जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

फिलहाल झारखंड कैडर के 26 IPS अधिकारी केंद्र में अलग-अलग जिम्मेदारियों पर सेवाएं दे रहे हैं। इनमें DG स्तर पर संपत मीणा, ADG स्तर पर संजय ए. लाठकर, नवीन कुमार सिंह, बलजीत सिंह और आशीष बत्रा समेत कई अधिकारी शामिल हैं। IG, DIG और SP स्तर पर भी झारखंड कैडर के अधिकारी केंद्र में विभिन्न पदों पर तैनात हैं।