हजारीबाग: प्रिंस खान गिरोह के संदिग्ध सदस्य को पुलिस ने किया गिरफ्तार, पिस्टल और कारतूस बरामद

Spread the love

हजारीबाग: हजारीबाग के बड़कागांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर प्रिंस खान गिरोह से कथित रूप से जुड़े एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के पास से 9 एमएम की पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, गिरोह से जुड़े दो पर्चे और सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक को बड़कागांव थाना क्षेत्र में गिरोह से जुड़े एक संदिग्ध व्यक्ति के मौजूद होने की सूचना मिली थी। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने कोयलांग गांव के बकपनजा टोला के पास जांच अभियान शुरू किया। इसी दौरान जंगल के समीप एक संदिग्ध व्यक्ति पुलिस की नजर में आया।

पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान संदीप मेहता उर्फ संदीप कुशवाहा के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए।

मामले में बड़कागांव थाना कांड संख्या 157/26, दिनांक 6 सितंबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 111(3), 111(4) और 61(2) के अलावा आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले में आरोपी के गिरोह से संबंध और अन्य संभावित गतिविधियों की जांच कर रही है।