चतरा में सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 35वीं बटालियन ने बुधवार को अपना 20वां स्थापना दिवस उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया। कार्यक्रम में जवानों के साथ स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मुख्य अतिथि चतरा विधायक जनार्दन पासवान और विशिष्ट अतिथि DFO की मौजूदगी में दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। बटालियन के कमांडेंट ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।


समारोह के दौरान विभिन्न स्कूलों के बच्चों और SSB जवानों ने नृत्य एवं नाटक की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में SSB की ओर से सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्य भी किए गए।
उप महानिरीक्षक (DIG) मानवेंद्र की मौजूदगी में 20 स्कूली बच्चों के बीच साइकिल का वितरण किया गया। इसके अलावा करीब 100 लोगों को बैग और किट भी दिए गए। सामग्री मिलने के बाद बच्चों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली।
विधायक जनार्दन पासवान ने SSB कमांडेंट और जवानों को स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि चतरा के संवेदनशील और दुर्गम क्षेत्रों में SSB जवानों की तैनाती आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा देती है। उन्होंने जवानों के योगदान की सराहना करते हुए ऐसे कार्यक्रमों में समाज के सभी वर्गों की भागीदारी को जरूरी बताया।

