सरायकेला: विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश, DC नितीश कुमार सिंह ने की समीक्षा बैठक

Spread the love

सरायकेला में चल रही निर्माण एवं विकास योजनाओं को निर्धारित समय पर पूरा कराने को लेकर गुरुवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने विभिन्न कार्य प्रमंडलों के अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। बैठक में पिछली समीक्षा के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने लंबित योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों और PMABHIM तथा 15वें वित्त आयोग के तहत बनाए जा रहे स्वास्थ्य केंद्रों की धीमी प्रगति पर उपायुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाने और सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।

बैठक में पूर्ण हो चुकी योजनाओं के लंबित भुगतान की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अधिकारियों को लंबित भुगतान जल्द पूरा करने को कहा, ताकि संवेदकों और संबंधित एजेंसियों को भुगतान के लिए अनावश्यक इंतजार न करना पड़े।

इसके अलावा वन विभाग से NOC नहीं मिलने के कारण लंबित योजनाओं का मामला भी सामने आया। उपायुक्त ने संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर NOC से जुड़ी समस्याओं का जल्द समाधान करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और स्वीकृत योजनाओं का लाभ समय पर आम लोगों तक पहुंचना जरूरी है।

बैठक में भवन, विद्युत, लघु सिंचाई और विशेष प्रमंडल समेत विभिन्न कार्य प्रमंडलों के कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।