जमशेदपुर: कदमा में पुराने विवाद को लेकर युवक पर धारदार हथियार से हमला, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

Spread the love

जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक नंबर 2 में पुराने विवाद को लेकर मारपीट और हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर की रात करीब 10 बजे मोहम्मद कासिम के घर पर मोहम्मद दिलरेज, मोहम्मद दिलशान, जीशान और मोहम्मद जासिम कथित रूप से दरवाजा धक्का देकर मारपीट करने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान कासिम का दोस्त मोहम्मद कैफ मौके पर पहुंचा।

पुलिस के अनुसार, दिलरेज और उसके साथियों ने कैफ के माथे और कंधे पर भारी धारदार हथियार से वार कर उसे घायल कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घायल कैफ को इलाज के लिए MGM अस्पताल पहुंचाया।

घटना के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी दिलरेज को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया है। SIT की टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।

इलाज के बाद कैफ कदमा थाना पहुंचा और लिखित शिकायत दी। शिकायत के आधार पर 11 सितंबर 2026 को कदमा थाना में BNS की धारा 126(2), 109(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच जारी है।