जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र के जोन नंबर 1 में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर हालत में उसे टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गुरुवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान तनुश्री दास के रूप में हुई है। करीब पांच महीने पहले उसकी शादी हुई थी और वह अपने पति के साथ बिरसानगर में रह रही थी।


परिजनों के अनुसार, बुधवार को पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद तनाव में तनुश्री ने यह कदम उठाया। घटना की जानकारी मिलते ही पति ने उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके।
तनुश्री के पति ने पुलिस को बताया कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था और करीब पांच महीने पहले उन्होंने शादी की थी। पति के अनुसार, तनुश्री दूसरे लोगों के घरों में झाड़ू-पोछा करने का काम करती थी। बुधवार को हुए विवाद के बाद उसने आत्मघाती कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और महिला के इस कदम के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।

