सरायकेला: साप्ताहिक जनता दरबार में लोगों ने रखीं समस्याएं, DC नितीश कुमार सिंह ने अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

Spread the love

सरायकेला कोर्ट परिसर में शुक्रवार को आयोजित साप्ताहिक जनता दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितीश कुमार सिंह ने लोगों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जनता दरबार में किसी ने राशन कार्ड से नाम हट जाने के कारण खाद्यान्न नहीं मिलने की शिकायत की, तो किसी ने सड़क निर्माण और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर नो-एंट्री लागू करने की मांग रखी। सरायकेला-राजनगर सड़क के निर्माण से संबंधित आवेदन भी दिया गया। इस मामले में भारी वाहनों की आवाजाही रोकने के लिए नो-एंट्री व्यवस्था लागू करने की मांग की गई, जिस पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया।

सिनी पंचायत के सिडमा गांव में प्राथमिक विद्यालय तक सड़क निर्माण की मांग भी ग्रामीणों ने रखी। वहीं ईचागढ़ प्रखंड में खराब और आधा भरे हुए कुएं की मरम्मत एवं पुनर्स्थापना की मांग को लेकर भी आवेदन दिया गया।

जनता दरबार में भूमि विवाद, शिक्षा, स्वास्थ्य और मनरेगा से संबंधित कई मामले भी पहुंचे। उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर मामलों का निष्पादन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित आवेदकों को भी उपलब्ध कराई जाए, ताकि उन्हें अपनी शिकायत की स्थिति की जानकारी मिल सके।