चांडिल: बंसा में जोड़ों के दर्द और गठिया के मरीजों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर, 84 मरीजों की जांच

Spread the love

चांडिल के धुनबुरू पंचायत अंतर्गत बंसा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में शुक्रवार को जोड़ों के दर्द से परेशान मरीजों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में कुल 84 मरीजों की जांच की गई और उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। जांच के बाद मरीजों को मुफ्त दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं।

शिविर में विशेष रूप से ऑस्टियोआर्थराइटिस यानी जोड़ों के दर्द से संबंधित मरीजों की जांच की गई। इसके अलावा गठिया, खांसी और गैस्ट्राइटिस से संबंधित मरीजों का भी इलाज किया गया। शिविर में पहुंचे सभी मरीजों का रक्तचाप और ब्लड शुगर भी जांचा गया। स्वास्थ्यकर्मियों ने मरीजों की समस्याएं सुनीं और बीमारी से बचाव तथा बेहतर स्वास्थ्य को लेकर जरूरी सलाह दी।

ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित इस स्वास्थ्य शिविर से स्थानीय लोगों को गांव में ही जांच और उपचार की सुविधा मिली। ग्रामीणों ने शिविर को उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से इलाज के लिए दूर जाने की जरूरत कम होती है।

शिविर का आयोजन आयुष चिकित्सक डॉ. विवेक कुमार और डॉ. छाया कुमारी के नेतृत्व में किया गया। इसे सफल बनाने में सहिया रतनी देवी, पुष्पा दास, सोनमोनी देवी, मंती महतो और रश्मि महतो की भूमिका रही। योग प्रशिक्षक अरिजीत दत्ता खान ने भी सहयोग किया।