रांची। झारखंड में लो वोल्टेज और कमजोर बिजली आपूर्ति की समस्या को कम करने के लिए झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने राज्य के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम पांच नए पावर सब स्टेशन बनाने की योजना बनाई है। इसके लिए सभी जिलों में जमीन चिह्नित करने और उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया गया है। ऊर्जा विकास निगम के CMD के. श्रीनिवासन के अनुसार, वितरण नेटवर्क को मजबूत करने के साथ नए सब स्टेशन और कम दूरी के फीडर विकसित किए जाएंगे, ताकि उपभोक्ताओं तक बेहतर वोल्टेज के साथ बिजली पहुंचाई जा सके।


JBVNL के निदेशक (वितरण एवं परियोजना) प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को सभी विद्युत आपूर्ति क्षेत्रों के महाप्रबंधकों और मुख्य अभियंताओं को पत्र भेजकर संबंधित जिलों के उपायुक्तों से जमीन उपलब्ध कराने को कहा है। जमीन चिह्नित होने के बाद इसकी अनुपालन रिपोर्ट मुख्यालय को भेजने का निर्देश भी दिया गया है।
ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 किलोमीटर के दायरे में 33/11 केवी के नए सब स्टेशन बनाने की जरूरत बताई गई है। इससे लंबे फीडरों पर निर्भरता कम होगी, लो वोल्टेज में सुधार आएगा और मौजूदा नेटवर्क पर दबाव घटेगा। हालांकि, नए सब स्टेशनों के निर्माण की समयसीमा जमीन की उपलब्धता और आगे की परियोजना प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।

