झारखंड: 5वें विश्व महिला कॉन्फ्रेंस में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी राष्ट्रपति शिक्षक सम्मान से सम्मानित संध्या प्रधान

Spread the love

झारखंड। राष्ट्रपति शिक्षक सम्मान से सम्मानित शिक्षिका और राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ की संयुक्त सचिव संध्या प्रधान 5वें विश्व महिला कॉन्फ्रेंस में भाग लेने के लिए ब्राजील जाएंगी। वह 12 सितंबर को दिल्ली से ब्राजील के लिए रवाना होंगी। यह अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस 15 से 17 सितंबर तक आयोजित की जाएगी।

विश्व महिला कॉन्फ्रेंस का आयोजन जेंडर जस्टिस के लिए एकजुट होकर आगे बढ़ने, दुनिया को शिक्षित करने, बदलाव लाने और लोकतंत्र के लिए संघर्ष करने की थीम पर आधारित है। सम्मेलन में महिलाओं के अधिकारों और उनकी सामाजिक स्थिति को लेकर गहन विश्लेषण, चिंतन और रणनीतिक चर्चा होगी।

इसके अलावा महिलाओं और लड़कियों को सशक्त बनाने के लिए प्रभावी रणनीतियों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन में विभिन्न देशों से महिला प्रतिनिधियों की भागीदारी होगी, जहां लैंगिक समानता, महिला अधिकार और सशक्तीकरण जैसे मुद्दों पर अनुभव साझा किए जाएंगे।

उल्लेखनीय है कि संध्या प्रधान इससे पहले थाईलैंड, श्रीलंका और नेपाल में आयोजित विश्व महिला कॉन्फ्रेंस में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। ब्राजील में होने वाले 5वें विश्व महिला कॉन्फ्रेंस में उनकी भागीदारी को भारत के लिए महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व के रूप में देखा जा रहा है।