आदित्यपुर: पूर्व डीएसपी स्व. माहेश्वरी प्रसाद को यादव समन्वय समिति की श्रद्धांजलि सभा में दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि

Spread the love

आदित्यपुर। आदित्यपुर-02 के मार्ग संख्या-04 स्थित गायत्री शिक्षा निकेतन के सभागार में यादव समन्वय समिति की ओर से श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। सभा में पूर्व डीएसपी स्व. माहेश्वरी प्रसाद को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए मौन धारण किया।

इस दौरान वक्ताओं ने स्व. माहेश्वरी प्रसाद के पुलिस सेवा के दौरान उनके कर्तव्यनिष्ठ, अनुशासित और संवेदनशील व्यक्तित्व को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने अपनी सेवा और व्यवहार से समाज में एक विशिष्ट पहचान बनाई थी। उनके निधन से समाज और उनके शुभचिंतकों को अपूरणीय क्षति हुई है।

श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता यादव समन्वय समिति, कोल्हान के अध्यक्ष राजकिशोर यादव ने की, जबकि संचालन बीरेन्द्र सिंह यादव ने किया। कार्यक्रम में श्रीराम यादव, राजेश कुमार, जनार्दन कुमार, पूर्व डीएसपी शिवनाथ यादव, अनिल यादव, पूर्व अध्यक्ष अजीत कुमार, रामवचन सिंह, विजय यादव, सिद्धनाथ सिंह, बिन्देश्वरी सिंह, सुभाष चन्द्र बोस, बैजू यादव और घनश्याम यादव समेत कई लोग उपस्थित रहे।