जमशेदपुर। साकची थाना क्षेत्र के नासरिया रोड स्थित क्वार्टर नंबर L-2/27 में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सीतारामडेरा निवासी 25 वर्षीय सुमित दास उर्फ लंगड़ा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के जेवरात के साथ घटना में इस्तेमाल हथौड़ा और अन्य सामान बरामद किया है। मामले में दूसरा आरोपी पहले ही जुगसलाई थाना पुलिस के हाथ लग चुका है। उसके पास से भी कुछ चोरी के जेवर बरामद किए गए हैं।


पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर की दोपहर नासरिया रोड स्थित सुधांशु आदित्य के क्वार्टर में अज्ञात चोरों ने प्रवेश कर सोने-चांदी के जेवरात और अन्य सामान चोरी कर लिया था। इस संबंध में 8 सितंबर को साकची थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
जांच के दौरान पुलिस ने CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान की। इसके बाद सुमित दास को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार, सुमित का आपराधिक इतिहास भी रहा है और दोनों आरोपी मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

