धनबाद: छह माह से JTC का पद खाली, PUC केंद्रों के लाइसेंस नवीकरण की प्रक्रिया प्रभावित

Spread the love

धनबाद: जिले में वाहनों के प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUC) जारी करने की व्यवस्था प्रभावित होने की बात सामने आई है। करीब छह माह से ज्वाइंट ट्रांसपोर्ट कमिश्नर (JTC) का पद खाली रहने के कारण प्रदूषण जांच केंद्रों के लाइसेंस नवीकरण और नए लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया अटकी बताई जा रही है। जिले में करीब 150 PUC केंद्र हैं, लेकिन वर्तमान में लगभग 15 केंद्रों से ही प्रदूषण प्रमाणपत्र जारी होने की जानकारी सामने आई है। ऐसे में वाहन मालिकों को सीमित केंद्रों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, निजी प्रदूषण जांच केंद्रों के लाइसेंस जारी करने और उनके नवीकरण में JTC स्तर की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ऑनलाइन आवेदन के बाद दस्तावेजों की जांच, मोटर वाहन निरीक्षक (MVI) द्वारा साइट वेरिफिकेशन और इसके बाद JTC स्तर से अनुमोदन की प्रक्रिया होती है। पद खाली रहने से कई केंद्रों के लाइसेंस नवीकरण और नए केंद्रों के लाइसेंस की प्रक्रिया प्रभावित बताई जा रही है।

कई पेट्रोल पंपों पर भी PUC केंद्र संचालित होते हैं। ऐसे केंद्रों की लाइसेंस प्रक्रिया प्रभावित होने से संबंधित पेट्रोल पंपों के DTO लाइसेंस नवीकरण पर भी असर पड़ने की बात कही जा रही है।

झारखंड पेट्रोलियम एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि करीब छह माह से JTC का पद खाली है, जिससे PUC केंद्रों के लाइसेंस नवीकरण और नए लाइसेंस जारी नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने सरकार से तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की, ताकि वैध PUC केंद्रों का संचालन और पेट्रोल पंपों के लाइसेंस नवीकरण की प्रक्रिया सुचारु हो सके।