जमुई: नाबालिगों से बदसलूकी के वायरल वीडियो मामले में तीन गिरफ्तार, SIT गठित; 32 सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कार्रवाई

Spread the love

जमुई: नाबालिग लड़की और उसके दोस्त के साथ बदसलूकी के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने अब तक तीन नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ADG लॉ एंड ऑर्डर केएस अनुपम ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में दो की उम्र 17 से 18 वर्ष के बीच है। मामले में जमुई थाने में BNSS की धारा 128, 74 और 75 के साथ POCSO एक्ट की धारा 8 और 12 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। जांच के लिए SIT गठित की गई है, जिसकी निगरानी जमुई SDPO कर रहे हैं।

ADG के अनुसार, घटना से जुड़े सात से आठ लोगों की पहचान सामने आई है और अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। घटना वाले क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग व्यवस्था की भी समीक्षा की जाएगी।

वायरल वीडियो फैलाने वाले सोशल मीडिया अकाउंट्स पर भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने अब तक 13 फेसबुक, 12 इंस्टाग्राम और 7 X अकाउंट्स के खिलाफ टेकडाउन कार्रवाई की है। कुल 32 अकाउंट्स से वीडियो हटाने की प्रक्रिया की गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि नाबालिग की पहचान या चेहरा उजागर करने वाला वीडियो प्रसारित करना भी कानूनन अपराध है और ऐसे मामलों में POCSO तथा Juvenile Justice Act की धारा 74 के तहत कार्रवाई हो सकती है।

पुलिस के मुताबिक, घटना 19 सितंबर की शाम जमुई-लखीसराय मुख्य मार्ग से करीब तीन किलोमीटर दूर पहाड़ी इलाके में हुई थी। पुलिस वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। SIT की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।