सरायकेला: गणेश महाली के पैतृक गांव सालड़ीह में धूमधाम से मनाया गया करम पर्व, मांदर की थाप पर झूमे ग्रामीण

Spread the love

सरायकेला: झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय सदस्य एवं सरायकेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी गणेश महाली के सरायकेला प्रखंड स्थित पैतृक गांव सालड़ीह में मंगलवार को भाई-बहन के प्रेम और प्रकृति पूजा का पर्व करम श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच आयोजित पूजा में गणेश महाली अपने परिवार और सगे-संबंधियों के साथ शामिल हुए।

इस दौरान गणेश महाली और उनकी पत्नी सह पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष शकुंतला महाली ने विधि-विधान से करम डाल की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद मांदर की थाप पर गणेश महाली ग्रामीणों के साथ करम नृत्य में शामिल हुए। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें झामुमो नेताओं, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने पारंपरिक करम नृत्य का आनंद लिया।

गणेश महाली ने कहा कि करमा प्रकृति, संस्कृति और भाई-बहन के पवित्र प्रेम का पर्व है। उन्होंने कहा कि करम राजा के आशीर्वाद से समाज में भाईचारा, सद्भाव और एकजुटता बनाए रखने की प्रेरणा मिलती है और इसी एकजुटता से गांव, समाज तथा राज्य के विकास को गति मिल सकती है।

कार्यक्रम में झामुमो जिलाध्यक्ष डॉ. सुभेन्दु महतो, गणेश चौधरी, विधायक प्रतिनिधि मंगललाल महतो, सुधीर महतो, बिशु हेंब्रम, सुरेश हेंब्रम, रामसिंह हेंब्रम, अमूल्य महतो, उपमुखिया वासुदेव महतो, शेखर महाकुड़ और दिलीप महतो समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।