जमशेदपुर: मानगो में 510 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो गिरफ्तार, पल्सर बाइक और मोबाइल भी बरामद

Spread the love

जमशेदपुर: एमजीएम थाना पुलिस ने मंगलवार को गुप्त सूचना के आधार पर मानगो रिपीट कॉलोनी स्थित काली मंदिर के पास छापेमारी कर दो कथित ड्रग पेडलरों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपियों के पास से कुल 510 पुड़िया ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन और काले रंग की एक पल्सर बाइक बरामद की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान ओडिशा के क्योंझर जिले के बड़बिल थाना क्षेत्र के मतकमबेड़ा निवासी सूरज थापा और बिरसानगर जोन नंबर-3, डी ब्लॉक निवासी करण कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सूरज थापा के पास से 457 पुड़िया और करण कुमार के पास से 73 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद हुई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार वरीय पुलिस अधीक्षक को इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की सूचना मिली थी। इसके बाद पटमदा डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर काली मंदिर के पास घेराबंदी की गई, जहां दोनों को पकड़ा गया। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में दोनों ने अवैध खरीद-बिक्री में संलिप्तता स्वीकार की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार सूरज थापा के खिलाफ हाटगम्हरिया के अलावा मानगो, पोटका, सिदगोड़ा, मुसाबनी और जादूगोड़ा थानों में मामले दर्ज हैं। वहीं करण कुमार के खिलाफ बिरसानगर थाना में एक मामला लंबित है। अभियान में ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग, पटमदा डीएसपी समेत मानगो और आसपास के थानों के पुलिस अधिकारी व जवान शामिल रहे।