पलामू: छतरपुर में पीछे करते ट्रक की चपेट में आए 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, चालक फरार

Spread the love

पलामू: छतरपुर थाना क्षेत्र में एनएच-139 स्थित महारानी पेट्रोल पंप के पास बुधवार को सड़क हादसे में 50 वर्षीय विनोद साव की मौत हो गई। वह छतरपुर के सुनार मोहल्ला के रहने वाले थे। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, विनोद साव अपने होटल के बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक ट्रक को पीछे किया जा रहा था। बताया गया कि पीछे करने के दौरान विनोद साव ट्रक की चपेट में आ गए। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की। प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के साथ पुलिस फरार ट्रक और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

परिजनों के अनुसार, विनोद साव ठेला लगाकर चना बेचते थे और इसी से परिवार का भरण-पोषण करते थे। उन्होंने बाईपास स्थित जमीन पर एक होटल बनवाया था, जिसे किराए पर दे रखा था।

पुलिस वाहन की पहचान के लिए आसपास की जानकारी जुटा रही है। ट्रक और चालक की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।