रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा में कथित पेपर गड़बड़ी और धांधली की जांच कर रही CID की विशेष टीम ने रांची नगर निगम में पदस्थापित फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर संजय कुमार को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, CGL परीक्षा में हुई कथित अनियमितताओं से उसके संबंधों को लेकर महत्वपूर्ण साक्ष्य मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।


CID रांची के DSP अरविंद सिंह के नेतृत्व में टीम ने देर रात गिरिडीह जिले के गांवा थाना क्षेत्र के पिहरा गांव स्थित संजय कुमार के पैतृक घर पर छापेमारी की। स्थानीय पुलिस प्रशासन, SDPO अमरेंद्र कुमार और गांवा थाना पुलिस के सहयोग से संजय कुमार को हिरासत में लिया गया और पूछताछ के लिए रांची लाया गया।
बताया गया कि संजय कुमार वर्ष 2025 बैच का फूड सेफ्टी इंस्पेक्टर है और रांची नगर निगम में कार्यरत था। CID अब उससे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि कथित CGL पेपर गड़बड़ी के नेटवर्क में उसकी क्या भूमिका थी।
जांच एजेंसी यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि संजय कुमार किन अभ्यर्थियों या कथित गिरोह के सदस्यों के संपर्क में था और परीक्षा में हुई अनियमितताओं से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका क्या रही। मामले में CID की जांच आगे जारी है।

