जमशेदपुर: दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को जाम और पार्किंग की परेशानी से बचाने के लिए जमशेदपुर दुर्गा पूजा केंद्रीय समिति ने मंगलवार को जोनल प्रभारियों के साथ बैठक की। बैठक में बड़े पूजा पंडालों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों के लिए पहले से ट्रैफिक रोडमैप तैयार करने तथा पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।


सभी जोनल प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र की पूजा समितियों के साथ समन्वय कर वाहनों की सुचारु आवाजाही की योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया। समिति का उद्देश्य पूजा के दौरान भीड़ वाले इलाकों में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रखना है।
बैठक में निर्धारित पार्किंग स्थलों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। पार्किंग स्थल पर रोशनी, पहुंच मार्ग या अन्य किसी तरह की समस्या होने पर संबंधित पूजा समितियों को इसकी जानकारी केंद्रीय समिति को देने को कहा गया, ताकि पूजा शुरू होने से पहले कमियों को दूर कराया जा सके।
बैठक में कार्यकारी अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, महासचिव आशुतोष सिंह, उपाध्यक्ष गौतम प्रसाद और संयोजक प्रमोद तिवारी मौजूद रहे। इसके अलावा ईस्ट जोन से प्रदीप दास, सेंट्रल जोन-ए से ओम्यो ओझा, सेंट्रल जोन-बी से शंभू मुखी एवं जितेंद्र कुमार, नॉर्थ जोन से अजय शर्मा, साउथ जोन से शिव शंकर सिंह, वेस्ट जोन-ए से पीएस माथुर और वेस्ट जोन-बी से मनीष कुमार ने बैठक में भाग लिया।

