जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र के बिरसानगर जोन नंबर-7 निवासी 23 वर्षीय अंजलि लोहार मंगलवार सुबह करीब 5 बजे घर से निकलने के बाद लापता हो गईं। अंजलि एबीएम कॉलेज में ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रही हैं। परिजनों ने बताया कि घर से निकलने के बाद उनका कोई पता नहीं चल पाया है।


परिजनों के अनुसार, अंजलि ने बैंकिंग की पढ़ाई के लिए करीब दो महीने पहले अपने मामा से 24 हजार रुपये लिए थे, जिसकी जानकारी परिवार को नहीं थी। दो दिन पहले इसकी जानकारी मिलने के बाद परिवार ने उनसे पूछताछ की थी। सोमवार को उनकी मां ने बिना बताए रुपये लेने को लेकर उन्हें डांटा था।
अंजलि के बड़े भाई विनय लोहार के अनुसार, मंगलवार सुबह वह स्कूल बैग लेकर घर से निकली थीं। घर से एक नोट भी मिला है, जिसमें माता-पिता का भरोसा तोड़ने और खुद को अच्छी बेटी नहीं होने की बात लिखी गई है। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद गोलमुरी थाना पुलिस को सूचना दी गई।
परिजनों के मुताबिक, घर से निकलते समय अंजलि ने बैंगनी रंग का सलवार-सूट और नीले रंग का स्कूल बैग रखा था। बैग में जरूरी दस्तावेज होने की बात कही गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्रा की तलाश की जा रही है।
परिजनों ने अंजलि के बारे में किसी भी तरह की जानकारी मिलने पर गोलमुरी थाना या 6204931132, 7717768176 और 912260407 नंबरों पर सूचना देने की अपील की है।

