जमुई: मड़वा पहाड़ी के पीछे स्थित प्रतापपुर गांव में 19 सितंबर की शाम नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ हुई कथित छेड़खानी और परेशान करने की घटना में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मामले में मुख्य आरोपियों समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने दो अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं।


ग्रामीणों के अनुसार, छात्र-छात्रा फोटो खिंचवा रहे थे, तभी कुछ किशोरों ने उन्हें घेर लिया और परेशान किया। आरोप है कि दोनों के वहां से निकलने के दौरान कुछ अन्य युवक मौके पर पहुंचे और उनका रास्ता रोककर उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
पुलिस के अनुसार, पहली प्राथमिकी में सात अज्ञात आरोपियों में से पांच को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अन्य की पहचान की जा रही है। छात्र-छात्रा को घेरने के आरोप में तीन नाबालिगों को विधि के अनुसार निरुद्ध किया गया है।
इसके अलावा, घटना का वीडियो बनाने के आरोप में एक युवक और वीडियो को सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के आरोप में तीन अन्य युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।
ग्रामीणों द्वारा कुछ आरोपियों के पुराने आपराधिक गतिविधियों से जुड़े होने के दावे भी किए गए हैं। पुलिस इन दावों और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। नाबालिगों की पहचान और गोपनीयता की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की है।

