रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय का नौवां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया, शिक्षक और टॉपर्स सम्मानित

Spread the love

रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय का नौवां स्थापना दिवस धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। विश्वविद्यालय परिसर के प्रेक्षागृह में आयोजित समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी, विभिन्न संकायों के टॉपर्स और उनके अभिभावक मौजूद रहे।

स्थापना दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय के विभिन्न शिक्षकों और टॉपर्स को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय की उपलब्धियों और भविष्य की दिशा को लेकर भी विचार साझा किए गए।

एसबीयू के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने विश्वविद्यालय को कम समय में महत्वपूर्ण मुकाम तक पहुंचाने के लिए शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि संस्थान को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे ले जाने में पूरे विश्वविद्यालय परिवार की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने चरित्र निर्माण और अनुशासन को संस्थान की आधारशिला बताया।

कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने विद्यार्थियों में हुनर और टीम स्पिरिट के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने Empowerment, Excellence, Execution, Expansion और Empathy जैसे पांच पहलुओं पर चर्चा करते हुए इन्हें संस्थान के विकास से जोड़ा।

कार्यक्रम में डॉ. सरस्वती मिश्रा और गिरिराज रत्वा बतौर अतिथि उपस्थित रहे। वहीं, प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान और राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड Development डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने स्थापना दिवस पर विश्वविद्यालय परिवार को शुभकामनाएं दीं।