रांची: सरला बिरला विश्वविद्यालय, रांची के महादेवी बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड क्लीनिकल टेक्नोलॉजी में करमा पर्व के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से करमा पर्व की समृद्ध परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया।


कार्यक्रम में नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने पारंपरिक वेशभूषा और संगीत के साथ करमा नृत्य प्रस्तुत किया। इसके अलावा विद्यार्थियों की फूल खोस प्रस्तुति ने समारोह में उत्साह और उल्लास का माहौल बनाया।
इस अवसर पर एमबीआईएनसीटी की प्राचार्या एवं डीन डॉ. सुबानी बाड़ा ने करमा पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को संजोकर आगे बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आधुनिकता के साथ आगे बढ़ते हुए अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहना जरूरी है।
एसबीयू के एडमिनिस्ट्रेटर, नर्सिंग एवं योग आशुतोष द्विवेदी ने विद्यार्थियों को करमा पर्व की शुभकामनाएं दीं और उनकी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना की। विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, कुलपति प्रो. सी. जगनाथन और कुलसचिव प्रो. एस. बी. दंडीन ने भी शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण में युवा पीढ़ी की भूमिका पर जोर दिया।
कार्यक्रम के अंत में उप-प्राचार्य डॉ. मीनल श्वेता ने धन्यवाद ज्ञापन किया। प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान और राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने भी करमा पर्व पर शुभकामना संदेश भेजे।

