जमशेदपुर: साकची और सीतारामडेरा थाना क्षेत्रों में कथित अवैध लॉटरी और जुआ संचालन के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की है। दोनों थाना क्षेत्रों में कुल चार लोगों की गिरफ्तारी और ₹4,330 नकद समेत लॉटरी-जुआ से संबंधित सामान बरामद किए जाने की जानकारी सामने आई है। यह कार्रवाई लोक आलोक न्यूज की पिछली पड़ताल के बाद सामने आई है, जिसमें शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कथित अवैध कारोबार को लेकर सवाल उठाए गए थे।


साकची थाना क्षेत्र के बिरसा मुंडा टेंपो स्टैंड और मुर्गा लाइन इलाके में पुलिस ने नीरज कुमार सिंह, दिलीप पासवान और अरविंद कुमार सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, तीनों पर अवैध लॉटरी और जुआ संचालन का आरोप है। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में उन्होंने लॉटरी-जुआ चलाने की बात स्वीकार की।
पुलिस के मुताबिक, लोगों को अधिक पैसे का लालच देकर ‘गोवा स्टार’ एप के जरिए सट्टा लगवाया जाता था। कार्रवाई में दो लॉटरी बोर्ड, ₹2,510 नकद, अलग-अलग नंबरों वाली एक कॉपी, मोबाइल फोन और एप से संबंधित स्क्रीनशॉट की हार्ड कॉपी बरामद होने की बात कही गई है। मामले में साकची थाना कांड संख्या 70/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
इधर, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के छायानगर में भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए राहुल कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, उसके पास से मोबाइल, लॉटरी से संबंधित सामान और ₹1,820 नकद बरामद किया गया।
दोनों कार्रवाई में कुल चार लोगों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस अब कथित गतिविधियों से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की भूमिका की भी जांच कर रही है। वहीं, लोक आलोक न्यूज की पिछली रिपोर्ट में उठाए गए सवालों के बाद हुई इस कार्रवाई को लेकर अब आगे की पुलिस कार्रवाई पर नजर बनी हुई है। यह स्पष्ट होना बाकी है कि जांच कथित नेटवर्क के अन्य संचालकों और पैसों के लेन-देन तक पहुंचती है या नहीं।

