जमशेदपुर: टाटानगर स्टेशन और यार्ड में लगेंगे 66 नए CCTV कैमरे, बढ़ेगी सुरक्षा निगरानी

Spread the love

जमशेदपुर: टाटानगर स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) स्टेशन परिसर और यार्ड में 66 नए अत्याधुनिक CCTV कैमरे लगाने की योजना पर काम कर रहा है। वर्तमान में स्टेशन पर 137 से अधिक CCTV कैमरे काम कर रहे हैं। नई योजना के तहत स्टेशन परिसर में 50 अतिरिक्त कैमरे लगाए जाएंगे।

इन कैमरों को प्लेटफॉर्म के अंतिम छोर, पोर्टिको, टिकट काउंटर परिसर, वेटिंग हॉल और फुट ओवरब्रिज समेत अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर लगाया जाएगा। RPF उन जगहों को भी चिह्नित कर रहा है, जहां मौजूदा कैमरों का एंगल सही नहीं है या ब्लाइंड स्पॉट बने हुए हैं।

स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के साथ बर्मामाइंस गेट और आसपास के इलाकों में भी 24 घंटे निगरानी को मजबूत किया जाएगा। वहीं, रेलवे यार्ड में खड़ी ट्रेनों और रेल लाइनों की सुरक्षा के लिए 16 नए CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। बर्मामाइंस गेट और यार्ड में पहले से कैमरे लगे हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए कैमरों की संख्या बढ़ाई जा रही है।

टाटानगर स्टेशन का CCTV नेटवर्क पहले भी RPF और GRP की जांच में मदद करता रहा है। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर यात्रियों के मोबाइल, नकदी और सामान चोरी करने वाले गिरोहों का पता लगाया है। एक बच्ची के अपहरण और हत्या के मामले में भी फुटेज की मदद से आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली थी।

66 नए कैमरे लगने के बाद स्टेशन परिसर और यार्ड के संवेदनशील हिस्सों में निगरानी का दायरा बढ़ेगा, जिससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और घटनाओं की जांच में सुरक्षा एजेंसियों को मदद मिलने की उम्मीद है।