रांची: ओपीएस की मांग को लेकर रिम्स अराजपत्रित कर्मचारियों का आंदोलन, 24 सितंबर से काला बिल्ला लगाकर करेंगे काम

Spread the love

रांची: रिम्स अराजपत्रित कर्मचारी संघ ने राज्य सरकार के कर्मचारियों की तर्ज पर रिम्स के अराजपत्रित कर्मचारियों को भी नई पेंशन योजना (NPS) के स्थान पर पुरानी पेंशन योजना (OPS) में शामिल करने की मांग को लेकर आंदोलन की घोषणा की है। संघ ने इस संबंध में रिम्स निदेशक को पत्र देकर आंदोलन के कार्यक्रम की जानकारी दी है।

संघ के अनुसार, ओपीएस लागू करने की मांग को लेकर पहले भी कई बार आवेदन दिया जा चुका है। संघ का दावा है कि रिम्स शासी परिषद की बैठकों में भी इस संबंध में निर्णय लिए गए, लेकिन करीब चार वर्षों से मामला लंबित है।

कर्मचारी संघ का कहना है कि मामले के लंबित रहने के दौरान कई कर्मचारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं, जबकि कुछ कर्मचारियों की मृत्यु भी हो चुकी है। संघ ने दावा किया कि ओपीएस जैसी सामाजिक सुरक्षा का लाभ नहीं मिलने के कारण सेवानिवृत्त कर्मचारियों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

आंदोलन के पहले चरण में 24 से 28 सितंबर तक रिम्स के अराजपत्रित कर्मचारी काला बिल्ला लगाकर काम करेंगे। इसके बाद 29 सितंबर को रिम्स प्रशासनिक भवन के सामने धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

संघ ने कहा है कि कर्मचारियों की मांग का समाधान होने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। कर्मचारियों ने राज्य सरकार और रिम्स प्रबंधन से मामले में जल्द निर्णय लेकर ओपीएस का लाभ देने की मांग की है।