पलामू: धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों की यात्रा से लौटे मोहम्मदगंज के करीब 200 श्रद्धालु

Spread the love

मोहम्मदगंज (पलामू): देश के विभिन्न धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण पर निकले मोहम्मदगंज के श्रद्धालुओं का जत्था बुधवार रात सकुशल वापस लौट आया। करीब 200 श्रद्धालु दो अलग-अलग जत्थों में 17 और 18 सितंबर को मोहम्मदगंज से यात्रा के लिए रवाना हुए थे।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने माता वैष्णो देवी के दर्शन किए। इसके बाद उत्तराखंड की वादियों में स्थित कई धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। बुधवार को श्रद्धालु बरेली स्टेशन पहुंचे, जहां से आनंद विहार-पुरुलिया एक्सप्रेस से मोहम्मदगंज के लिए रवाना हुए और रात में अपने घर पहुंचे।

जत्थे का नेतृत्व कर रहे शिक्षक सतेंद्र कुमार और व्यवसायी नीरज कुमार अग्रवाल ने बताया कि पूरी यात्रा सुरक्षित और खुशनुमा माहौल में संपन्न हुई। श्रद्धालुओं ने मोहम्मदगंज की खुशहाली और प्रगति के साथ सभी के स्वस्थ रहने की कामना की। यात्रियों ने कहा कि धार्मिक यात्रा से उन्हें मानसिक शांति और नई ऊर्जा मिली।

मोहम्मदगंज से धार्मिक, पौराणिक और ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण की यह परंपरा करीब 12 वर्षों से चली आ रही है। इसमें शिक्षक, छात्र, व्यवसायी, मजदूर, किसान और महिलाएं भी शामिल होती हैं। हर वर्ष करीब एक सप्ताह का यात्रा कार्यक्रम तय किया जाता है।

यात्रा की शुरुआत करने वालों में दिनेश कुमार, बिनोद सोनी, कुंदन कुमार, रविनंदन, दीपुलाल अग्रवाल और नागेंद्र प्रसाद समेत अन्य लोग शामिल थे। इस वर्ष पहली बार करीब 200 श्रद्धालुओं का जत्था यात्रा से लौटकर आया है।