गालूडीह: लगातार हो रही बारिश के कारण सुवर्णरेखा नदी का जलस्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। जलस्तर में बढ़ोतरी को देखते हुए गालूडीह बराज के 18 गेटों में से चार गेट खोल दिए गए हैं। गेट खुलने के बाद नदी में पानी का बहाव तेज हो गया है।


जानकारी के अनुसार, चांडिल डैम से करीब 1500 क्यूमेक्स पानी सुवर्णरेखा नदी में छोड़ा गया है। इस पानी के गालूडीह बराज तक पहुंचने के बाद नदी में पानी का दबाव और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। इसके चलते रात तक नदी का जलस्तर और ऊपर जाने की आशंका है।
स्थिति को देखते हुए नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है। लोगों से तेज बहाव वाले हिस्सों में नहीं जाने और नदी के आसपास अनावश्यक रूप से नहीं जाने को कहा गया है।
प्रशासन और संबंधित विभाग बराज एवं नदी के जलस्तर पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। पानी के बहाव और जलस्तर में होने वाले बदलाव के आधार पर आगे आवश्यक कदम उठाए जाने की बात कही गई है।
बारिश के बीच नदी का जलस्तर बढ़ने से आसपास के ग्रामीण इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। प्रशासन की ओर से लोगों को किसी भी तरह की स्थिति में सावधानी बरतने की सलाह दी जा रही है।

