घाटशिला: राष्ट्रपति पुरस्कार मिलने के बाद संताली फिल्म निर्देशक रवि राज मुर्मू गुरुवार को अपने पैतृक गांव कुमीरमुड़ी पहुंचे। उनके गांव पहुंचते ही ग्रामीणों ने पारंपरिक वेशभूषा और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया। ग्रामीणों ने उन्हें माला पहनाकर सम्मानित किया और संताली परंपरा के अनुसार पैर धोकर उनका अभिनंदन किया।


रवि राज मुर्मू के गांव पहुंचने को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति पुरस्कार हासिल कर न केवल कुमीरमुड़ी, बल्कि पूरे क्षेत्र और संताली समाज का गौरव बढ़ाया है। ग्रामीणों ने उनकी उपलब्धि को समाज और क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
स्वागत समारोह के दौरान ग्राम प्रधान घसिया किस्कू, नायके बाबा कालीदास किस्कू, सुनील किस्कू, गणेश मुर्मू, नवीन मुर्मू और प्रधान सोरेन समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने रवि राज मुर्मू को उनकी उपलब्धि के लिए बधाई दी और भविष्य में भी संताली सिनेमा एवं समाज के लिए बेहतर कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

