जमशेदपुर: आरडी टाटा गोलचक्कर पर दो फीट से अधिक पानी, लंबा जाम; कई वाहन हुए बंद

Spread the love

जमशेदपुर: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से शहर के कई इलाकों में भारी जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। आरडी टाटा गोलचक्कर के पास सबसे खराब स्थिति देखने को मिली, जहां सड़क पर दो फीट से अधिक पानी भर गया। जलजमाव के कारण यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जलभराव के बीच घाघीडीह सेंट्रल जेल से बंदियों को पेशी के लिए जमशेदपुर व्यवहार न्यायालय ले जा रहा पुलिस वाहन भी आरडी टाटा गोलचक्कर के पास जाम में फंस गया। पानी और वाहनों की लंबी कतार के कारण कैदी वाहन काफी देर तक वहीं रुका रहा, जिससे सुरक्षाकर्मियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।

गहरे पानी से गुजरने के दौरान कई दोपहिया और चारपहिया वाहनों में पानी घुस गया। इससे कई वाहन बीच सड़क पर ही बंद हो गए और जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। कुछ वाहन चालक पानी के बीच अपनी गाड़ियों को धक्का देते नजर आए।

स्थानीय लोगों ने जलजमाव को लेकर नालों की सफाई और जलनिकासी व्यवस्था पर सवाल उठाए। लोगों का कहना है कि बारिश के दौरान पर्याप्त जलनिकासी नहीं होने से सड़क पर पानी जमा हो जाता है। उन्होंने नगर निकायों और जुस्को की मानसून पूर्व तैयारियों की समीक्षा करने तथा जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने की मांग की।