जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन चोरी और डकैती की घटना सामने आई है। गुरुवार को केनरा बैंक में डकैती के बाद शुक्रवार को बैंक से कुछ दूरी पर स्थित गोलमुरी बाजार की एक सोनार दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर दुकान का ताला तोड़कर सोने और चांदी के लाखों रुपये के आभूषण चोरी कर फरार हो गए।


बताया गया कि गोलमुरी बाजार के बीचोंबीच स्थित इस दुकान में सोने और चांदी के आभूषणों की रिपेयरिंग का काम किया जाता था। शुक्रवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।
फिलहाल चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत और घटना में शामिल आरोपियों की पहचान की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य बिंदुओं के आधार पर जांच कर रही है।
गोलमुरी थाना क्षेत्र में एक दिन पहले बैंक डकैती और अगले ही दिन सोनार दुकान में चोरी की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है। पुलिस की ओर से मामले में जांच और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। चोरी की घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए आभूषणों की बरामदगी के लिए पुलिस प्रयासरत है।

