हजारीबाग: ऐतिहासिक झील में तैयार हो रहा फ्लोटिंग रेस्टोरेंट, दशहरा तक शुरू करने की तैयारी

Spread the love

हजारीबाग: नगर निगम की झील सौंदर्यीकरण फेज-2 परियोजना के तहत ऐतिहासिक झील में फ्लोटिंग रेस्टोरेंट तैयार किया जा रहा है। इसे अक्टूबर में दशहरा तक शुरू करने की तैयारी है। दो मंजिला रेस्टोरेंट में करीब 50 से 70 लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। नगर निगम इसे पीपीपी मॉडल पर संचालित करने की योजना बना रहा है, जिसके तहत निजी डेवलपर को 15 वर्षों तक संचालन का अधिकार दिए जाने की बात कही गई है।

करीब 13.97 करोड़ रुपये की पूरी सौंदर्यीकरण परियोजना में झील की डिसिल्टिंग, आइलैंड, हैंगिंग ब्रिज, गजीबो, म्यूजिकल फाउंटेन और फ्लोटिंग रेस्टोरेंट समेत कई कार्य शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, केवल रेस्टोरेंट के स्ट्रक्चर पर करीब 2 से 2.5 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

परियोजना को लेकर पर्यावरण प्रेमियों ने झील में तेल, खाद्य अपशिष्ट और अन्य कचरे के कारण प्रदूषण की आशंका जताई है। कांग्रेस प्रदेश महासचिव सुरजीत नागवाला ने भी परियोजना की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए तकनीकी और वित्तीय ऑडिट की मांग की है। वहीं, नगर निगम ने इन आरोपों को स्वीकार नहीं किया है और कहा है कि निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार कराया जा रहा है।

झील किनारे कारोबार करने वाले करीब 15 से 20 वेंडर्स ने भी परियोजना से अपने कारोबार पर संभावित असर को लेकर चिंता जताई है।

नगर निगम के अनुसार, फ्लोटिंग रेस्टोरेंट में बायो-टॉयलेट, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम और नियमित निगरानी की व्यवस्था होगी, ताकि कचरा झील में न पहुंचे। अधिकारियों का कहना है कि परियोजना से पर्यटन और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और नगर निगम को हर महीने लाखों रुपये का किराया प्राप्त होगा।