जमशेदपुर: सुनसुनिया गेट के पास दिनदहाड़े चाकूबाजी, विवाद के बाद युवक गंभीर रूप से घायल

Spread the love

जमशेदपुर: बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के सुनसुनिया गेट के पास शुक्रवार को दिनदहाड़े चाकूबाजी की घटना सामने आई। घटना में शुभम कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि सुनसुनिया गेट के पास सड़क पर एक बड़ा वाहन खड़ा था। शुभम कुमार ने वहां मौजूद व्यक्ति से वाहन हटाने को कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद सामने वाले व्यक्ति ने चाकू से शुभम कुमार पर हमला कर दिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

चाकू लगने के बाद शुभम कुमार ने अपने परिवार के सदस्यों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर TMH अस्पताल पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा है। परिजनों के अनुसार, उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलने के बाद बर्मामाइंस थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विवाद के कारणों और हमले में शामिल व्यक्ति की पहचान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। घटना को लेकर पुलिस की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।