सिमडेगा: बानो में सर्पदंश से 17 वर्षीय दिव्यांग किशोर की मौत, गांव में शोक

Spread the love

सिमडेगा: बानो थाना क्षेत्र की बिंतुका पंचायत अंतर्गत टुड़यू गांव में सर्पदंश से 17 वर्षीय दिव्यांग किशोर वीरेंद्र सिंह की मौत हो गई। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र सिंह को सांप ने डंस लिया था। सर्पदंश के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। परिजन उन्हें इलाज के लिए बानो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

किशोर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से गांव में भी शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

घटना की जानकारी मिलने पर जिला परिषद सदस्य बिरजो कंडुलना, जेएलकेएम जिला महासचिव रविंद्र सिंह, सामुएल बुढ़ सहित अन्य जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घटना की जानकारी ली और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।

ग्रामीणों के बीच सर्पदंश की घटनाओं को लेकर भी चिंता है। स्थानीय स्तर पर लोगों ने ऐसे मामलों में समय पर इलाज और आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की जरूरत पर जोर दिया।