हजारीबाग: जिले के इचाक प्रखंड अंतर्गत बरका कला पंचायत के मनाई गांव के समीप पनगढ़वा जंगल में शुक्रवार शाम एक विशाल अजगर दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। जंगल में गाय-बकरी चरा रही महिलाओं की एक बकरी अचानक गायब हो गई। तलाश के दौरान महिलाओं की नजर अजगर पर पड़ी, जिसके बाद वे डरकर गांव लौट आईं और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी।


सूचना मिलने के बाद दर्जनों ग्रामीण जंगल पहुंचे। ग्रामीणों के अनुसार, वहां अजगर राम यादव की बकरी को आधा निगल चुका था। गांव के सत्येंद्र यादव, रोहित यादव और रामजय यादव ने बताया कि ग्रामीणों ने अजगर को भगाने के लिए ढेला मारना शुरू किया। इसके बाद अजगर ने बकरी को छोड़ दिया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
ग्रामीणों की भीड़ और शोर बढ़ने के बाद अजगर घने जंगल और झाड़ियों के बीच चला गया। शाम होने के कारण चरवाहे और मौके पर पहुंचे ग्रामीण भी वापस गांव लौट आए।
ग्रामीणों के अनुसार, अजगर की लंबाई करीब 15 फुट से अधिक थी। उसके मोटे शरीर को देखकर ग्रामीणों ने उसके वजन का अनुमान करीब दो क्विंटल लगाया है। हालांकि, इसके वास्तविक आकार और वजन की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अजगर के जंगल में देखे जाने के बाद आसपास के गांवों में भी चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दे दी है और अजगर की मौजूदगी को देखते हुए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

