रांची: मूसलाधार बारिश से फसलों को नुकसान, प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में सर्वे का दिया निर्देश

Spread the love

रांची: जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से कृषि फसलों को नुकसान पहुंचने की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने क्षति का आकलन शुरू कर दिया है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने शनिवार को बारिश की स्थिति और संभावित नुकसान की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का विस्तृत सर्वेक्षण कराने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने अपर समाहर्ता को बारिश प्रभावित इलाकों में कृषि फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर जल्द रिपोर्ट तैयार कराने को कहा है, ताकि जरूरत के अनुसार राहत कार्य समय पर शुरू किए जा सकें। सभी अंचल अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बारिश से हुए नुकसान का विस्तृत सर्वे करने का निर्देश दिया गया है।

जिला कृषि पदाधिकारी को भी फसल क्षति का व्यापक आकलन करने को कहा गया है। प्रशासन ने तैयार होने वाली रिपोर्ट में क्षतिग्रस्त फसल का क्षेत्रफल, प्रभावित किसानों की संख्या और अनुमानित आर्थिक नुकसान का ब्योरा दर्ज करने का निर्देश दिया है।

बारिश के कारण कुछ किसानों की खेतों में लगी फसलें पानी में डूबने से नुकसान होने की बात सामने आई है। प्रशासन ने अधिकारियों से जल्द से जल्द सर्वे रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि प्रभावित किसानों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।