जमशेदपुर: सोनारी के बिंदल मॉल के पास फायरिंग, गोली लगने से तीन लोग घायल

Spread the love

जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के पास शनिवार को फायरिंग की घटना से हड़कंप मच गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोली लगने से तीन लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया है। घायलों की पहचान और उनकी स्थिति को लेकर फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

फायरिंग की सूचना मिलते ही सोनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के साथ-साथ बिंदल मॉल परिसर में भी जानकारी जुटाई। घटना से जुड़े कारणों और फायरिंग में शामिल लोगों के संबंध में पुलिस जानकारी एकत्र कर रही है।

फिलहाल फायरिंग की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस की जांच और घायलों से मिलने वाली जानकारी के बाद ही घटना के कारणों और पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।