जमशेदपुर: नाई समाज के प्रति कथित आपत्तिजनक और अश्लील गीत प्रसारित किए जाने के विरोध में शनिवार को अखिल भारतीय जमशेदपुर नाई संघ और नाई जागृत संघ ने संयुक्त रूप से उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर संबंधित गायक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


अखिल भारतीय जमशेदपुर नाई संघ की जिला अध्यक्ष संध्या ठाकुर ने आरोप लगाया कि ‘खिलाड़ी शक्ति’ नाम से यूट्यूब पर प्रसारित किए जा रहे एक गीत में नाई समाज के लिए आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। उनके अनुसार, इस तरह की सामग्री से समाज की भावनाएं आहत होती हैं।
संध्या ठाकुर ने संबंधित गीत के प्रसारण पर रोक लगाने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से मामले की जांच कर आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
प्रदर्शन के दौरान नाई जागृत संघ के प्रदेश अध्यक्ष विजय कुमार ठाकुर, प्रदेश महासचिव सरोज कुमार प्रभात, प्रदेश कोषाध्यक्ष उदय ठाकुर, संजय, दीपक कुमार, अखिल भारतीय जमशेदपुर नाई संघ के जिला अध्यक्ष अशोक कुमार, महिला जिला अध्यक्ष सविता सिंह, जिला महासचिव अंजू कुमार सिंह समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।
संगठनों ने कहा कि समाज के प्रति आपत्तिजनक सामग्री के प्रसारण पर प्रशासन को संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई करनी चाहिए।

