जमशेदपुर: गोलमुरी बाजार बंद के आह्वान को आजसू का नैतिक समर्थन, सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

Spread the love

जमशेदपुर: गोलमुरी मुख्य बाजार में हाल के दिनों में हुई आपराधिक घटनाओं के विरोध में व्यापारियों की ओर से किए गए बंदी के आह्वान को आजसू पार्टी ने नैतिक समर्थन दिया है। आजसू नेता अप्पू तिवारी ने कहा कि व्यापारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने बाजार में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की।

गोलमुरी में 24 सितंबर को केनरा बैंक में हथियारबंद अपराधियों द्वारा डकैती के बाद अगले दिन आरती ज्वेलर्स में चोरी की घटना सामने आई थी। लगातार हुई घटनाओं के बाद व्यापारियों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता और आक्रोश है।

इसी मुद्दे को लेकर अप्पू तिवारी ने व्यापारी, समाजसेवी और भाजपा नेताओं के साथ गोलमुरी बाजार का दौरा किया और दुकानदारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान समाजसेवी शिवशंकर सिंह, भाजपा नेता दिनेश कुमार, पप्पू उपाध्याय समेत कई दुकानदार मौजूद रहे।

व्यापारियों ने नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा मजबूत करने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग रखी।

अप्पू तिवारी ने कहा कि आजसू पार्टी व्यापारियों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों का शांतिपूर्ण बंदी आह्वान सुरक्षा व्यवस्था की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए है और पार्टी उनके लोकतांत्रिक विरोध को नैतिक समर्थन देती है। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से पुलिस गश्त बढ़ाने तथा व्यापारिक क्षेत्रों में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की।