जमशेदपुर: वियतनाम में सड़क हादसे में कदमा निवासी विनय यादव की मौत, रांची के राजा कुमार वर्मा ने भी गंवाई जान

Spread the love

जमशेदपुर: वियतनाम के दलात शहर में शुक्रवार शाम हुए सड़क हादसे में कदमा शास्त्रीनगर निवासी विनय यादव और रांची निवासी राजा कुमार वर्मा की मौत हो गई। दोनों बाइक से दलात से डोंग नाई सिटी की ओर जा रहे थे। हादसा स्थानीय समय के अनुसार शाम करीब 5:45 से 6 बजे के बीच प्रेन्न पास पर दतानला वाटरफॉल के पास एक मोड़ पर हुआ।

स्थानीय रिपोर्टों के अनुसार, हादसे के समय सड़क गीली थी और बाइक दूसरे लेन में चली गई, जहां सामने से आ रही एक गाड़ी से उसकी टक्कर हो गई। हादसे में राजा कुमार वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विनय यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल विनय यादव को तत्काल स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। विनय यादव कदमा के शास्त्रीनगर के रहने वाले थे और वियतनाम में योग शिक्षक के रूप में काम कर रहे थे।

घटना के बाद स्थानीय पुलिस और यातायात अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। हादसे की सूचना जमशेदपुर में विनय यादव के परिजनों को दी गई। परिजनों के अनुसार, सोमवार को विनय यादव के शव को एयरलिफ्ट कर जमशेदपुर लाने की तैयारी की जा रही है। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार जमशेदपुर में किया जाएगा।