लोहरदगा: कुड़ू थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन नेशनल हाइवे-39 फोरलेन सड़क परियोजना के निर्माण स्थल पर शनिवार देर रात लेवी वसूलने के इरादे से पहुंचे अपराधियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। बताया गया कि दोनों ओर से करीब नौ राउंड फायरिंग हुई। पुलिस को भारी पड़ता देख अपराधी बाइक से चंदवा की ओर फरार हो गए। घटना के बाद निर्माण कार्य में लगे मजदूरों में दहशत का माहौल है।


बताया जाता है कि रात करीब दो बजे एक बाइक पर सवार तीन अपराधी कुड़ू के ढुलुवाखुंटा से लातेहार के उदयपुरा तक बन रही फोरलेन सड़क के निर्माण स्थल पर पहुंचे। पावर सब स्टेशन के पास पुलिया पर गाइडर लगाने का काम चल रहा था। अपराधियों ने मजदूरों को काम बंद करने की चेतावनी दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
शोर सुनकर पास में तैनात एसएटी के जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। बताया गया कि अपराधियों की ओर से करीब पांच राउंड और पुलिस की ओर से जवाब में करीब चार राउंड फायरिंग हुई।
इस दौरान एक अपराधी ने जेसीबी और रोलर मशीन में आग लगाने के लिए वाहन से पेट्रोल निकालने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की कार्रवाई के बाद तीनों बाइक से चंदवा की ओर भाग निकले। सूचना मिलने पर कुड़ू थाना प्रभारी नीरज झा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और अपराधियों का पीछा किया, लेकिन वे फरार होने में सफल रहे।
NH-39 के इस हिस्से का निर्माण पीआरए कंस्ट्रक्शन कंपनी करा रही है। पुलिस निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी है।

