जमशेदपुर: केंद्रीय दुर्गा पूजा कमेटी की बैठक, शांतिपूर्ण आयोजन और सुरक्षा व्यवस्था पर जोर

Spread the love

जमशेदपुर: केंद्रीय दुर्गा पूजा कमेटी की बैठक में टेल्को, गोविंदपुर और बिरसानगर क्षेत्र की पूजा समितियों को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से दुर्गापूजा आयोजन करने के निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता भूपेंद्र सिंह ने की। इस दौरान पूजा पंडालों में सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा हुई।

कमेटी ने सभी पूजा समितियों से पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, निर्धारित समय के अनुसार ध्वनि विस्तारक यंत्र का इस्तेमाल करने और श्रद्धालुओं के लिए अलग प्रवेश व निकास की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा पंडालों में अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने पर भी जोर दिया गया, ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।

पूजा समितियों को अपने वॉलिंटियर्स की सूची संबंधित थाना में उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। बैठक में मौजूद तीनों थाना प्रभारियों ने पूजा के दौरान प्रशासन की ओर से पूरी मुस्तैदी का भरोसा दिलाया। उन्होंने नशाखोरी और रैश ड्राइविंग पर विशेष निगरानी रखने की बात कही।

बैठक का संचालन नंदलाल सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन मिथिलेश घोष ने किया। बैठक में पूजा समितियों से प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित तरीके से पूजा आयोजन करने की अपील की गई।