चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय का 7वां दीक्षांत समारोह 29 सितंबर को, 224 उपाधियां होंगी प्रदान

Spread the love

चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा का 7वां दीक्षांत समारोह 29 सितंबर 2026 को विश्वविद्यालय परिसर स्थित वीर शहीद पोटो हो सभागार में आयोजित होगा। समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के राज्यपाल-सह-कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार होंगे। कुलपति प्रो. (डॉ.) अंजिला गुप्ता विश्वविद्यालय की वार्षिक उपलब्धियों और प्रगति का प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगी।

27 सितंबर को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुलपति ने समारोह की तैयारियों, उपाधि वितरण और विद्यार्थियों के लिए जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। मुख्य कार्यक्रम सुबह 10:30 बजे शुरू होगा, जबकि सभी उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को सुबह 9 बजे तक सभागार में पहुंचना अनिवार्य किया गया है।

इस वर्ष सभागार में कुल 224 उपाधियां प्रदान की जाएंगी। इनमें 26 स्वर्ण पदक, 39 Ph.D., 132 PG, 10 M.Ed. और 17 PG Medical Diploma की उपाधियां शामिल हैं। 26 स्वर्ण पदक विजेताओं में 15 छात्राएं और 11 छात्र हैं। वहीं, 39 Ph.D. उपाधि प्राप्तकर्ताओं में 20 छात्राएं और 19 छात्र शामिल हैं।

दीक्षांत समारोह में विश्वविद्यालय नई तकनीक से तैयार स्मार्ट डिग्री की शुरुआत भी करेगा। डिग्री में QR Code होगा, जिसके माध्यम से विद्यार्थी की उपाधि और शैक्षणिक विवरणों का डिजिटल सत्यापन किया जा सकेगा। डिग्री को वॉटरप्रूफ और फायरप्रूफ बनाने के साथ इसमें वॉटरमार्क, UV लोगो, माइक्रो टेक्स्ट और अन्य सुरक्षा फीचर शामिल किए गए हैं। विश्वविद्यालय के अनुसार डिग्री में लैमिनेशन की आवश्यकता नहीं होगी।

विद्यार्थियों के लिए विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। छात्रों को सफेद कुर्ता-पायजामा, जबकि छात्राओं को क्रीम या ऑफ-व्हाइट साड़ी अथवा सफेद/ऑफ-व्हाइट सलवार-सूट के साथ लाल दुपट्टा पहनना होगा। सभागार में काले रंग के वस्त्र या सामान, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट, बैग और छाते ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों से समय पर पहुंचने और निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है।