साहिबगंज: गंगा के बढ़े जलस्तर और कटाव का असर अब रेल परिचालन पर भी पड़ने लगा है। साहिबगंज-महाराजपुर रेलखंड में महाराजपुर झुंझरी पुल के पास करीब 100 मीटर रेल ट्रैक गंगा के कटाव की जद में आ गया है। ट्रैक से कटाव की दूरी करीब 20 मीटर रह जाने के बाद इस रूट पर रेल परिचालन रोक दिया गया है।


साहिबगंज एईएन वेद व्यास शरण ने बताया कि करीब 100 मीटर ट्रैक कटाव की जद में है। ट्रैक को सुरक्षित रखने के लिए युद्धस्तर पर बचाव कार्य किया जा रहा है। बताया गया कि मालदा डीआरएम के भी रात तक मौके पर पहुंचने की संभावना है।
कटाव के कारण इस रेलखंड की डाउन लाइन पर यात्री और मालगाड़ियों का परिचालन नहीं किया जा रहा है। स्थिति को देखते हुए मंगलवार को कई ट्रेनों को रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों के मार्ग में बदलाव किया गया है। कई ट्रेनों को भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट, जमालपुर-मुंगेर-कटिहार और किऊल-झाझा होकर चलाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा एक पैसेंजर और एक एक्सप्रेस ट्रेन को साहिबगंज से शॉर्ट टर्मिनेट किया गया है।
आज 63401 साहिबगंज-मालदा टाउन मेमू, 63421 आजीमगंज-साहिबगंज मेमू, 63411 साहिबगंज-भागलपुर मेमू, 63063 बर्द्धमान-साहिबगंज मेमू, 53411 बरहरवा-साहिबगंज पैसेंजर, 13427 हावड़ा-साहिबगंज एक्सप्रेस, 63405 रामपुरहाट-साहिबगंज मेमू, 63402 मालदा टाउन-साहिबगंज मेमू, 63422 साहिबगंज-आजीमगंज मेमू, 63412 भागलपुर-साहिबगंज मेमू, 63064 साहिबगंज-बर्द्धमान मेमू और 53412 साहिबगंज-बरहरवा पैसेंजर रद्द रहेंगी।
रेलवे की ओर से ट्रैक को सुरक्षित करने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन की स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

