रांची: झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) ने रांची के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 9 अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच खेले जाने वाले दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले के लिए टिकटों की दर घोषित कर दी है। JSCA की प्रेस रिलीज के अनुसार, अलग-अलग श्रेणियों के टिकट 1,600 रुपये से लेकर 18,000 रुपये तक रखे गए हैं।


ईस्ट और वेस्ट हिल के टिकट की कीमत 1,600 रुपये निर्धारित की गई है। विभिन्न विंग के टिकट 2,000 से 3,500 रुपये तक होंगे। अमिताभ चौधरी पवेलियन के प्रीमियम टेरेस का टिकट 4,500 रुपये, जबकि डोनर्स एन्क्लोजर का टिकट 4,000 रुपये तय किया गया है। हॉस्पिटैलिटी सुविधा वाले टिकट 8,000 से 15,000 रुपये तक हैं। प्रेसिडेंट्स एन्क्लोजर का टिकट 18,000 रुपये और एमएस धोनी पवेलियन के लग्जरी पार्लर का टिकट 10,000 रुपये निर्धारित किया गया है।
आम दर्शकों के लिए टिकट बिक्री की तारीख, ऑनलाइन बिक्री और खरीद प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत जानकारी JSCA की ओर से बाद में जारी की जाएगी।
मैच के व्यवस्थित आयोजन को लेकर सोमवार को जिला दण्डाधिकारी-सह-उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री की अध्यक्षता में समाहरणालय में बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा, विधि-व्यवस्था, ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिला प्रशासन ने निर्देश दिया कि दोपहर 3 बजे एंट्री शुरू होने से पहले बिना टिकट वाले दर्शकों को स्टेडियम के आसपास अनावश्यक रूप से एकत्रित नहीं होने दिया जाए। दर्शकों को निर्धारित गेट से कतारबद्ध तरीके से प्रवेश दिया जाएगा। प्रशासन ने क्रिकेट प्रेमियों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित पार्किंग स्थल का उपयोग करने और प्रतिबंधित वस्तुएं स्टेडियम में नहीं लाने की अपील की है। संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को देने का भी अनुरोध किया गया है।

