रांची: GST फर्जीवाड़े और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच में ED की छापेमारी, झारखंड-बंगाल के चार ठिकानों पर कार्रवाई

Spread the love

रांची: प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित करोड़ों रुपये के GST फर्जीवाड़े और मनी लॉन्ड्रिंग सिंडिकेट की जांच के तहत बुधवार सुबह झारखंड और पश्चिम बंगाल के चार संदिग्ध ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। सूत्रों के अनुसार, झारखंड के बोकारो में भी ED की टीम ने दबिश दी है। यहां फर्जी कंपनियों और कथित बोगस बिलिंग से जुड़े कारोबारी जांच के दायरे में बताए जा रहे हैं।

CRPF की सुरक्षा के बीच चल रही तलाशी के दौरान अधिकारियों द्वारा डिजिटल डिवाइस, हार्ड डिस्क, कथित बोगस बिल बुक और बैंक लेन-देन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए जाने की जानकारी सामने आई है। एजेंसी इन दस्तावेजों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर कथित वित्तीय लेन-देन और कंपनियों के नेटवर्क की जांच कर रही है।

जांच में कथित तौर पर ऐसे नेटवर्क की जानकारी सामने आई है, जिसमें वास्तविक माल की आपूर्ति किए बिना कागजों पर कंपनियों के जरिए लेन-देन दिखाया जाता था। फर्जी इनवॉइस के आधार पर इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) का कथित तौर पर गलत तरीके से लाभ लेने के मामले की भी जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई झारखंड और पश्चिम बंगाल में एक साथ चार ठिकानों पर जारी है। पूर्व की जांच में इसी नेटवर्क के कथित मास्टरमाइंड शिव कुमार देवड़ा की गिरफ्तारी के बाद 700 करोड़ रुपये से अधिक के कथित फर्जी बिलिंग नेटवर्क का खुलासा होने की बात सामने आई थी।

ताजा कार्रवाई को इसी मामले से जुड़े संदिग्ध नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की आगे की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। फिलहाल ED की तलाशी पूरी होने के बाद ही जब्त सामग्री और जांच में सामने आए तथ्यों को लेकर विस्तृत जानकारी स्पष्ट हो सकेगी।