रांची: सीएम हेमंत सोरेन आज सभी विभागों के सचिवों के साथ करेंगे समीक्षा बैठक, लंबित मामलों पर होगी चर्चा

Spread the love

रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गुरुवार को राज्य के सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव, प्रधान सचिव और सचिवों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। इसमें पिछली बैठकों में लिए गए फैसलों और दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी। साथ ही विभागों द्वारा निर्देशों के अनुपालन और लंबित मामलों की स्थिति की भी जानकारी ली जाएगी।

बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की मौजूदा प्रगति, लंबित मामलों के निष्पादन और विभागीय कार्यप्रणाली की समीक्षा की जाएगी। मुख्यमंत्री की ओर से पहले हुई विभागीय और जिला स्तरीय बैठकों में विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया गया है।

जिन योजनाओं का शिलान्यास हो चुका है, उनके निर्माण कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समय पर उनका उद्घाटन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। विभागीय सचिवों को कार्ययोजना के अनुसार जिलों का दौरा कर योजनाओं की समीक्षा करने और जरूरत पड़ने पर औचक निरीक्षण के माध्यम से जमीनी स्थिति की जानकारी लेने को कहा गया था।

बैठक में आईटी एवं ई-गवर्नेंस विभाग से जुड़े निर्देशों के अनुपालन की भी समीक्षा होगी। परियोजनाओं की नियमित निगरानी और लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने की स्थिति पर अधिकारियों से जानकारी ली जाएगी।

मुख्यमंत्री की समीक्षा बैठक में यह भी देखा जाएगा कि विभागीय स्तर पर लिए गए फैसलों का क्रियान्वयन किस स्थिति में है और सरकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने में कोई बाधा तो नहीं है। लंबित मामलों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को लेकर आगे के निर्देश भी दिए जा सकते हैं।