सरायकेला: चौका थाना क्षेत्र के एनएच-33 पर झाबरी के पास शनिवार तड़के करीब चार बजे बड़ा सड़क हादसा हुआ। कोलकाता से रांची जा रही शिवम यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में बस में सवार 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


हादसे की सूचना मिलते ही चौका थाना प्रभारी संजीव कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। इसके बाद घायल यात्रियों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुट गए और राहत एवं बचाव कार्य में मदद की।
पुलिस ने घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य के साथ यातायात व्यवस्था को भी संभाला, ताकि सड़क पर आवागमन प्रभावित न हो। हादसे के बाद कुछ समय तक घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लगी रही।
फिलहाल बस के अनियंत्रित होकर पलटने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आखिर किन परिस्थितियों में बस चालक का नियंत्रण बस से हट गया। दुर्घटना के संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही हादसे के कारणों की पूरी जानकारी सामने आ सकेगी।

