जेटेट 2026 की परीक्षा 1 नवंबर को, पूर्वी सिंहभूम में 39,060 अभ्यर्थियों के लिए 93 केंद्र तैयार

Spread the love

जमशेदपुर: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) 2026 का आयोजन 1 नवंबर को किया जाएगा। पूर्वी सिंहभूम जिले में परीक्षा के लिए 93 केंद्र बनाए गए हैं, जहां 39,060 अभ्यर्थी शामिल होंगे। करीब 10 साल के लंबे इंतजार के बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा को कदाचारमुक्त और पारदर्शी बनाने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं। शनिवार को आयोजित राज्यस्तरीय कार्यशाला में विभिन्न जिलों के शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने हिस्सा लिया। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) ने परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है।

जैक की विज्ञप्ति संख्या 62/2026 के अनुसार, पहली पाली में कक्षा छह से आठ तक के अभ्यर्थियों की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। दूसरी पाली में कक्षा एक से पांच तक के अभ्यर्थी दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक परीक्षा देंगे। अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पहुंचना होगा। परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट बाद मुख्य द्वार बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद प्रवेश नहीं मिलेगा।

अभ्यर्थियों को जैक की आधिकारिक वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड करना होगा। परीक्षा केंद्र पर एडमिट कार्ड के साथ आधार कार्ड या कोई अन्य मूल पहचान पत्र ले जाना अनिवार्य होगा। इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। निर्धारित शर्तें पूरी करने वाले दृष्टिबाधित और सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित अभ्यर्थी आवश्यक प्रमाण पत्र जमा कर श्रुतलेखक (स्क्राइब) की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे।

परीक्षा में निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों वाले स्कूलों और कॉलेजों को प्राथमिकता दी गई है। केंद्रों पर लाइव निगरानी, पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उपायुक्तों को 29 अक्टूबर तक केंद्राधीक्षकों के साथ बैठक कर आवश्यक निर्देश देने को कहा गया है। इसके अलावा उड़न दस्ते और पर्यवेक्षकों की टीमें भी गठित की जाएंगी।

ओएमआर शीट और अन्य दस्तावेजों को सुरक्षित तरीके से राज्य मुख्यालय भेजने के लिए अलग-अलग रंग के कपड़ों में बांधने की व्यवस्था की गई है। इस्तेमाल की गई ओएमआर शीट लाल, बिना इस्तेमाल की गई ओएमआर शीट सफेद और उपस्थिति पत्रक हरे कपड़े में बांधकर भेजे जाएंगे। राज्य में पिछली जेटेट परीक्षा वर्ष 2016 में हुई थी, इसलिए इस बार की परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह है।